महर्षि विद्या मंदिर में लगी विज्ञान व कला प्रदर्शनी, छात्रों के नवाचारों ने खूब सराहना बटोरी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। महर्षि शिक्षण संस्थान की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर में शनिवार को विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुसार गुरु-पूजन एवं गुरु-वंदना से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि संतोष कुमार लोहिया एवं उनकी पत्नी गायत्री लोहिया ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर तथा कला एवं शिल्प से जुड़े आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं प्रस्तुतीकरण की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
विज्ञान वर्ग में एल्गी पावर प्लांट, एसिड रेन, ग्रीन एनर्जी, एयर पॉल्यूशन कंट्रोलर तथा स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक जैसे मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें अभिराजदीप श्रीवास्तव, विवेक तिवारी और अर्पण कसौधन द्वारा तैयार किए गए मॉडल को दर्शकों ने काफी सराहा। गणित वर्ग में इंटरसेक्शन ऑफ सेट्स और शेप्स अराउंड अस विषयों पर आधारित मॉडल प्रभावशाली रहे, जबकि जीव विज्ञान में स्वसन तंत्र एवं मानव हृदय के मॉडल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
वाणिज्य एवं कंप्यूटर अनुभाग में सुपरमार्केट, कंप्यूटर ट्रेड और एआई मॉडल की प्रस्तुति को सराहना मिली। वहीं सामाजिक विज्ञान एवं आर्ट एंड क्राफ्ट अनुभाग में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, फंडामेंटल राइट्स, चंद्रयान तथा मंडाला कला पर आधारित प्रोजेक्ट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने।
प्रदर्शनी में अभिराजदीप श्रीवास्तव, विवेक तिवारी, अर्पण कसौधन, हर्ष, अंशु, वंशिका गुप्ता, आदित्य तिवारी, सार्थक, अनमोल, सूर्यदेव, विनायक पांडे, अनुभव शुक्ला, वैष्णवी, मुस्कान, अंजलि, श्रेया मिश्रा, तृप्ति शुक्ला, शिवानी चौधरी, अनन्या श्रीवास्तव, लक्ष्मी तिवारी, सिद्धि लोहिया, इशा टंडन, गोविंद शुक्ला सहित अनेक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन मॉडलों के निर्माण एवं मार्गदर्शन में शिक्षकों कोमल तिवारी, विवेक पांडे, शिवम श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, लतिका पाठक, पूजा पाठक, स्मृति, नेहा श्रीवास्तव, शालिनी श्रीवास्तव, वंदना सिंह एवं ज्योति मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में शिक्षिका लतिका पाठक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विनोद कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इसके साथ ही विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी मेला उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

