शिक्षकों से सम्मानजनक व्यवहार का आश्वासन, बीआरसी कर्मी ने मांगी माफी
बीईओ पंडरी कृपाल की पहल पर महासंघ व विभागीय अधिकारियों की बैठक, एक माह में कार्यालय व्यवस्था सुधारने का दिया भरोसा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पंडरी कृपाल में शिक्षकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में शुरू हुए विवाद का शनिवार को समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी पंडरी कृपाल समय प्रकाश पाठक ने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बीआरसी कर्मचारी महेश शुक्ला ने अपने व्यवहार को लेकर खेद व्यक्त करते हुए अपनी त्रुटि स्वीकार की और भविष्य में शिक्षकों के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जिलाध्यक्ष अरुणिमा शाही के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीआरसी कर्मचारी महेश शुक्ला के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में मोर्चा खोलते हुए विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में कर्मचारी के व्यवहार को शिक्षक सम्मान के विरुद्ध बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। इस मामले ने शिक्षकों के बीच व्यापक नाराजगी पैदा कर दी थी।
इसी प्रकरण के समाधान के उद्देश्य से शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने अपने कार्यालय में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक के दौरान शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार, उनकी समस्याओं के त्वरित एवं सहयोगात्मक निस्तारण तथा कार्यालयी कार्यों में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बीआरसी कर्मचारी महेश शुक्ला ने संगठन एवं शिक्षकों के समक्ष अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफ़ी मांगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में प्रत्येक शिक्षक की बात को गंभीरता से सुनते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना से कार्य किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी समय प्रकाश पाठक ने भी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के सम्मान को यथोचित महत्व देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कार्यालय की सभी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए उसे बेहतर स्वरूप प्रदान किया जाएगा। साथ ही वेतन संबंधी कार्यों एवं मुख्य पटल की व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव कर शिक्षकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ब्लॉक पंडरी कृपाल की अध्यक्ष अरुणिमा शाही, मंत्री राकेश कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्र, इंतियाज़ अहमद सिद्दीकी, संतोष कश्यप, सुशील कुमार पांडेय, राजेंद्र कुमार शुक्ल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के बाद संगठन पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासनों पर समयबद्ध कार्रवाई होगी, जिससे शिक्षकों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति नहीं होगी।
