गोंडा में सेवानिवृत्त बैंक कर्मियों ने महाधिवेशन में लिया हिस्सा, द्विवार्षीय चुनाव में नई टीम चुनी गई, संगठन को मजबूत करने का सभी ने लिया संकल्प
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त कार्मिक समिति, क्षेत्र गोंडा की आम सभा का आयोजन रविवार को शहर के एक प्रतिष्ठित होटल के सभागार में गरिमा और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण द्विवार्षीय चुनाव रहा, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त बैंक कर्मियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
चुनाव प्रक्रिया प्रदेश अध्यक्ष इरफान आलम और प्रदेश महासचिव पी.के. चौरसिया के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान कानपुर और मुरादाबाद से आए केंद्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को और भी महत्वपूर्ण बना दिया। पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।
चुनाव परिणामों में सर्वेश कुमार तिवारी को अध्यक्ष, ओ.पी. तिवारी को महासचिव और कृष्ण कुमार पाण्डेय को कार्यकारी महासचिव चुना गया। इसके अलावा आशुतोष चोपड़ा को संरक्षक, प्रदीप कुमार टंडन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर सुरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव और राम प्रकाश दूबे का चयन हुआ, जबकि अखिलेश कुमार श्रीवास्तव को उप महासचिव बनाया गया।
अन्य पदाधिकारियों में गोपाल मोहन माथुर को आयोजन सचिव, राम सूरत मिश्र को संयुक्त सचिव, अश्विनी कुमार को सहायक सचिव, प्रेम नाथ गुप्ता को कोषाध्यक्ष और पवन कुमार श्रीवास्तव को सहायक कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं अनिल कुमार चतुर्वेदी को प्रचार सचिव, शैलेन्द्र बहादुर सिंह को संगठन सचिव, देवकी नंदन श्रीवास्तव को कार्यालय सचिव तथा अतुल कुमार श्रीवास्तव को अंकेक्षक चुना गया।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नंद कुमार सिंह, विवेक सिन्हा, जनार्दन सिंह, प्रमोद कुमार सिन्हा, महेश कुमार अग्रवाल, कन्हैया प्रसाद, संजय कुमार श्रीवास्तव और नरेंद्र कुमार वर्मा को शामिल किया गया है।
सभा में मौजूद सदस्यों और अतिथियों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को नई दिशा देगी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की मजबूती से पैरवी करेगी। वक्ताओं ने कहा कि पेंशन, चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर संगठित प्रयासों की आवश्यकता है, जिसमें नई कार्यकारिणी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।