भीषण गर्मी से राहत दिलाने की शिक्षक नेताओं ने उठाई मांग, विद्यालयों के समय परिवर्तन को लेकर डीएम को सौंपा गया ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 20 अप्रैल। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में बच्चों को हीट वेव से सुरक्षित रखने के लिए विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। महासंघ ने मांग की कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों का संचालन प्रातःकालीन समय में किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को राहत मिल सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिला कोषाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय भान वर्मा, संयुक्त महामंत्री आनंद प्रताप सिंह, ब्लॉक कटरा के अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, इटियाथोक ब्लॉक के अध्यक्ष डॉ. रामराज, ब्लॉक बेलसर के मंत्री मनोज कुमार शुक्ला, ब्लॉक पंडरी कृपाल के मंत्री राकेश कुमार शुक्ला, ब्लॉक इटियाथोक के मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार वर्मा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।