हिंदी हमारी संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय पहचान की सशक्त अभिव्यक्ति : प्राचार्य आरती श्रीवास्तव
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज, गोंडा में आगामी हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में 12 सितंबर को हिंदी विभाग की ओर से विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता श्रीवास्तव के सहयोग से हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की प्राचार्या उपमा वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संगीत विभाग की शिक्षिकाओं किरण पाण्डेय एवं जया त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि उपमा वर्मा को स्मृति चिह्न के रूप में पौधा भेंट कर एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद बीए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की छात्राओं संज्ञा पांडे, कशिश सिंह, श्रद्धा तिवारी, सीमा वर्मा, शिवानी मिश्रा, निशा, नैन्सी तिवारी, सलोनी तिवारी एवं राजनंदनी ने हिंदी की सुंदर एवं भावपूर्ण रचनाओं का काव्य पाठ किया। छात्राओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियों की मुख्य अतिथि ने मुक्तकंठ से सराहना की।
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने ‘बदलते परिदृश्य में हिंदी’ विषय पर अपने उद्बोधन में हिंदी दिवस मनाए जाने के औचित्य और वर्तमान समय में हिंदी की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बदलते सामाजिक एवं तकनीकी परिवेश में हिंदी के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया।
समारोह में पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 12 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से पांच छात्राओं का चयन प्रतियोगिता के अंतिम चरण के लिए किया गया। प्रतियोगिता में सारिका नाग ने प्रथम, कशिश सिंह ने द्वितीय तथा सानिया प्रवीण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में आराधना मिश्रा, पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आशा पाण्डेय, भईया राघवराम पाण्डेय स्मारक श्री गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज राधाकुंड, गोंडा तथा प्रतिभा त्रिपाठी, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज, गोंडा शामिल रहीं।
प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय पहचान की सशक्त अभिव्यक्ति है। विश्व में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में हिंदी का तीसरा स्थान होना इसकी व्यापकता और वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में अंशिका कौशल और निशा ने भावपूर्ण ‘कर्ण-श्रीकृष्ण संवाद’ की प्रस्तुति दी। निशा ने कर्ण की भूमिका निभाते हुए उसकी पीड़ा, अंतर्द्वंद्व और समाज से मिले तिरस्कार को सशक्त संवाद एवं अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
प्रिया शर्मा, सुनीता तिवारी, रोहिणी शर्मा, शिवानी यादव, डॉली, दीपाली दुबे, महिमा यादव, अंकिता, सलोनी, बबीता, आनंदा मिश्रा एवं काजल मिश्रा ने संत कबीर और रहीम के नीति एवं जीवन मूल्यों से परिपूर्ण दोहों की सुंदर संगीतमय प्रस्तुति दी। इससे समारोह ज्ञानवर्धक एवं भावपूर्ण बन गया।
हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. आनंदिता रजत के निर्देशन में ‘हिंदी ज्ञान एवं साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ भी आयोजित की गई। इसमें आठ इंटर कॉलेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में भईया राघवराम पाण्डेय स्मारक श्री गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज राधाकुंड, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, एम्स इंटरनेशनल स्कूल, एम्स इंटर कॉलेज, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी बनगांव तथा पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में एम्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम, पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने द्वितीय तथा एम्स इंटर कॉलेज एवं सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के आयोजन में छात्राओं निहारिका तिवारी एवं श्रेया तथा प्रवक्ताओं कांचन पाण्डेय एवं सुवेन्दु वर्मा का विशेष योगदान रहा।
समारोह का प्रभावशाली मंच संचालन संज्ञा तिवारी एवं कशिश सिंह ने किया। विभिन्न विद्यालयों से आए अतिथियों में एम्स इंटरनेशनल स्कूल के मनोज मिश्रा, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी की मंजु वर्मा तथा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के डॉ. दिनेश कुमार शुक्ल ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि उपमा वर्मा, योग शिक्षिका समता धनकानी एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। समारोह का समापन ज्ञानस्थली गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर श्रीमती रंजना बंधु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. रश्मि द्विवेदी, गीता श्रीवास्तव, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, डॉ. कुमकुम सिंह, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, हिमांशी मिश्रा, सुषमा सिंह, मोनिका श्रीवास्तव, तवरेज मंसूरी, मानवेंद्र श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, वंदना मिश्रा, संध्या सिन्हा, रोली श्रीवास्तव, प्रीति श्रीवास्तव, संतोष, कृष्ण कुमार, ननकू, दिनेश मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
