नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव 

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा

 

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव
लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में आयोजित हुई संगोष्ठी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News 

गोंडा, 13 सितंबर। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विज्ञान परिसर स्थित कक्ष संख्या-5 में आयोजित कार्यक्रम में 198 विद्यार्थियों समेत कुल 213 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पमित्र मिश्र के स्वागत उद्बोधन से हुआ। विभाग की ओर से डॉ. रवि प्रकाश ओझा एवं डॉ. पुनीत कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर स्वागत और सम्मान किया।

संगोष्ठी में मुख्य वक्ता डॉ. दिलीप कुमार शुक्ला ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा युवाओं के जीवन, स्वास्थ्य और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. पवन कुमार सिंह ने आत्म-अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को नशामुक्त जीवन का आधार बताया। वहीं डॉ. परवेज आलम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशामुक्त बनाए रखने के संकल्प पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव तैयार होगी।

प्रो. अरविन्द कुमार शर्मा ने प्राचार्य परिषद के प्रतिनिधि के रूप में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे की समस्या और उसके दुष्प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने महाविद्यालय परिसर को 100 प्रतिशत नशामुक्त बनाए रखने का संकल्प एवं आह्वान किया।

डॉ. मनीष शर्मा ने प्राचार्य प्रो. रविन्द्र कुमार पाण्डेय के विचारों एवं संदेश को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने तथा महाविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशामुक्त बनाए रखने के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

संगोष्ठी के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करने और नशे से सदैव दूर रहने की सामूहिक शपथ ली। शपथ का आयोजन डॉ. परवेज आलम ने कराया। सामूहिक संकल्प ने कार्यक्रम के उद्देश्य को और प्रभावी बनाया तथा विद्यार्थियों में नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को मजबूत किया।

कार्यक्रम में प्रो. संजय पाण्डेय, डॉ. शिशिर त्रिपाठी, डॉ. अंकित मौर्य, डॉ. घनश्याम द्विवेदी एवं डॉ. डी.पी. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथि शिक्षकों में श्री गणेशधर द्विवेदी, श्री विपिन कुमार यादव एवं श्री सुधीर कुमार तिवारी तथा शिक्षणेतर कर्मचारियों में श्री नन्द कुमार शुक्ल, श्री शोभा राम एवं श्रीमती आशा सोनी ने सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनोज कुमार मिश्र ने आभार व्यक्त किया। सफल समापन के बाद रसायन विज्ञान विभाग की ओर से अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के लिए हाई-टी का आयोजन किया गया।

 

7 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *