माता सीता संस्कार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में धार्मिक यात्रा संपन्न, श्रद्धालुओं ने किए वृंदावन से सालासर बालाजी तक दर्शन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा, 16 सितंबर। माता सीता संस्कार सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनी यादव की देखरेख में आयोजित धार्मिक दर्शन यात्रा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 11 सितंबर 2026 की शाम आठ बजे शुरू हुई यह यात्रा 15 सितंबर को श्रद्धालुओं के सकुशल वापस लौटने के साथ पूर्ण हुई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, श्री राधाबल्लभ मंदिर, निधिवन, श्री गोपीनाथ मंदिर तथा इस्कॉन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने श्री प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के अगले पड़ाव में मेहंदीपुर बालाजी, श्री खाटू श्याम मंदिर और सालासर बालाजी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि एवं परिवार के कल्याण की कामना की।
इस धार्मिक यात्रा में बलरामपुर, तरबगंज, गोंडा और फैजाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु शामिल हुए। अलग-अलग स्थानों से आए यात्रियों ने पूरे यात्रा मार्ग में भक्ति और आपसी सौहार्द के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।
ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनी यादव ने यात्रा की सफलता के लिए सभी यात्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यात्रा को सफल बनाने में पाठक बस सर्विस के प्रबंधक मनीष पाठक का विशेष सहयोग रहा। ट्रस्ट की ओर से उनके प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाए और आगामी धार्मिक आयोजनों में भी इसी प्रकार सहभागिता की कामना की।