सम्मानित की गईं छपिया बाल विकास परियोजना की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, विधायक प्रभात वर्मा ने वितरित किए प्रशस्ति पत्र व स्मार्ट फोन
विधायक ने कहा कि बाल विकास की रीढ़ हैं आंगनबाड़ी दीदियां
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। विकास खंड छपिया स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा ने मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और विभागीय कर्मचारियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक प्रभात वर्मा के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने बाल विकास परियोजना से जुड़ी मुख्य सेविकाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विभागीय कार्यों को डिजिटल माध्यम से और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से स्मार्ट मोबाइल फोन भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के प्रारंभिक विकास जैसे संवेदनशील विषयों पर उनका कार्य बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ अब विभागीय कामकाज को और अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जा रहा है, जिसमें मोबाइल फोन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना ने बताया कि विभाग के अधिकांश कार्य अब ऑनलाइन माध्यम से संचालित हो रहे हैं। पोषण ट्रैकर ऐप सहित कई योजनाओं की निगरानी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर की जा रही है। ऐसे में मोबाइल फोन मिलने से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को फील्ड स्तर पर कार्य करने, बच्चों और गर्भवती महिलाओं का विवरण अपलोड करने तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग करने में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय कामकाज को पहले की तुलना में और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी छपिया अभय कुमार सिंह समेत एडीओ पंचायत, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बाल विकास परियोजना कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अधिकारियों ने इसे महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मोबाइल और प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उनके कार्य को पहचान मिली है बल्कि डिजिटल माध्यम से काम करने में भी सहूलियत होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विभागीय योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू करने का संकल्प लिया।