शिक्षक निर्वाचन मतदेय स्थलों की सूची जारी, ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी पर राजनीतिक दलों से चर्चा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों की सूची जारी किए जाने के साथ ही आगामी निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कराए जाने के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे, भाजपा के जिला महामंत्री विष्णु प्रताप पांडेय, समाजवादी पार्टी से जावेद अहमद, बहुजन समाज पार्टी से विश्राम वर्मा तथा सीपीएम से अमित शुक्ला उपस्थित रहे।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, चकबंदी अधिकारी, जल निगम के अधिकारी तथा चुनाव कार्यालय के अपर निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद रजी समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सुझाव भी लिए गए।