इटियाथोक ब्लॉक में लगा पोषण जागरुकता एवम सेवा संकल्प मेला

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
सेवा संकल्प अभियान में गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन
इटियाथोक ब्लॉक में पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्वस्थ शिशुओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया गया सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
 गोंडा। सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत सोमवार को इटियाथोक विकासखंड परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के लाभ और सम्मान प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विधायक विनय कुमार द्विवेदी ‘मुन्ना भैया’ एवं सुश्री वर्षा सिंह ने सहभागिता की। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रूप से गोदभराई कराई गई। छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने माताओं को बच्चों के उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में हेल्दी बेबी शो का भी आयोजन किया गया। इसमें स्वस्थ एवं बेहतर पोषण वाले बच्चों और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया। चयनित बच्चों एवं उनकी माताओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
पोषण माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल लाभार्थियों एवं अन्य उपस्थित लोगों को फल और मिठाई वितरित की गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा, प्रभारी सीडीपीओ मेहलता तिवारी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर विवेक कुमार सिंह, मुख्य सेविका ज्योति वर्मा, बड़े बाबू केशवराम सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *