नंदिनी नगर में राष्ट्र कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ
संत रितेश्वर जी महाराज ने दिया राष्ट्रबोध का संदेश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। नंदिनी नगर नवाबगंज स्थित नंदिनी निकेतनम परिसर में गुरुवार से देश के प्रख्यात संत सदगुरु श्री रितेश्वर जी महाराज के सान्निध्य में राष्ट्र कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। नववर्ष के पहले दिन शुरू हुआ यह आध्यात्मिक आयोजन आठ जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा, प्रवचन और भजन-कीर्तन के माध्यम से धर्म, संस्कृति और राष्ट्र चेतना का संदेश दिया जाएगा।
कथा के प्रथम दिन संत रितेश्वर जी महाराज ने राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना, भारतीय परंपरा और सामाजिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण का आधार संस्कार, संस्कृति और समर्पण है, जिसे आत्मसात कर ही सशक्त समाज की रचना संभव है। कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह हैं। कथा शुभारंभ अवसर पर उनके पुत्र कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने संत रितेश्वर जी महाराज का स्वागत कर आयोजन की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
नंदिनी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्र कथा महोत्सव को लेकर विशेष उल्लास देखा जा रहा है।

आयोजन समिति ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और राष्ट्र, धर्म व संस्कृति से जुड़ने की अपील की है।

