धान खरीद की तैयारियां पूरी, एक नवम्बर से होगी खरीद

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा गोरखपुर बलरामपुर बहराइच लखनऊ
देवीपाटन मंडल में एक नवंबर से शुरू होगी सरकारी धान खरीद, 350 केंद्र तैयार
गोंडा में 118 केंद्रों पर होगी खरीद, मंडल को मिला 4.08 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य; सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

 

Gonda News
गोंडा। सरकारी धान खरीद एक नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसके लिए देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंडल में कुल 350 क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान की खरीद की जाएगी। इस बार मंडल को कुल चार लाख आठ हजार मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य दिया गया है। खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए चावल मिलों का सत्यापन कराने के साथ ही बोरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
धान खरीद के लिए गोंडा में 118, बहराइच में 166, बलरामपुर में 37 और श्रावस्ती में 31 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। लक्ष्य के लिहाज से बहराइच को सबसे अधिक दो लाख दस हजार मीट्रिक टन धान खरीदना है। गोंडा को एक लाख 20 हजार मीट्रिक टन, बलरामपुर को 41 हजार मीट्रिक टन और श्रावस्ती को 38 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य मिला है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी एन के पाठक ने बताया कि खाद्य एवम रसद विभाग की विपणन शाखा के अलावा सहकारी समितियां, मंडी और भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्रों से सरकारी धान खरीद की जाएगी, क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए सुविधा और संसाधन मंडी समिति उपलब्ध करायेगी।
66 चावल मिलों का कराया गया सत्यापन
सरकारी धान की कुटाई के लिए मंडल में 66 चावल मिलों का सत्यापन कराया गया है। इनमें गोंडा की 21, बहराइच की 27, बलरामपुर की सात और श्रावस्ती की 11 चावल मिलें शामिल हैं। वहीं, धान खरीद के लिए मंडल में 8500 गांठ बोरे मंगाए गए हैं। इनकी उपलब्धता और वितरण की निगरानी जिलाधिकारियों की ओर से की जा रही है।
फार्मर आईडी वाले किसानों को दोबारा पंजीकरण की जरूरत नहीं
धान बेचने के लिए किसानों को पंजीकरण का अवसर दिया गया है। विभागीय वेबसाइट पर अब तक 1964 किसानों ने पंजीकरण कराया है। हालांकि, जिन किसानों का नाम फार्मर आईडी में पहले से दर्ज है, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे किसान सीधे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सरकारी केंद्रों पर धान बेच सकेंगे।
2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित हुआ सामान्य धान का मूल्य
सरकार ने सामान्य प्रजाति के धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जबकि ग्रेड-ए यानी बेहतर गुणवत्ता वाले धान की खरीद 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।
संभागीय खाद्य नियंत्रक चंद्रभान यादव ने बताया कि एक नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्रय केंद्रों, बोरों की उपलब्धता और चावल मिलों के सत्यापन सहित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
7 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *