नारी ज्ञानस्थली में छात्राओं ने लगाई पोषक आहार प्रदर्शनी

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
पोषक आहार प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिया ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ परिवार’ का संदेश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग की ओर से सोमवार को पौष्टिक एवं संतुलित आहार विषय पर ज्ञानवर्धक एवं आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं ने ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ परिवार’ का संदेश दिया। छात्राओं ने बताया कि परिवार के स्वास्थ्य और पोषण की आधारशिला महिला होती है, इसलिए प्रत्येक महिला का अपने आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।
प्रदर्शनी का आयोजन गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष रंजना बंधु तथा असिस्टेंट प्रोफेसर सुषमा सिंह और सुनीता मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें बीए प्रथम वर्ष तथा एमए प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अनाज, मोटे अनाज यानी मिलेट्स, दालों, हरी सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों से विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर प्रदर्शित किए।
प्रदर्शनी में आटे और गेहूं से तैयार हलवा, उबले चने, उबली मटर, मिलेट्स तथा हरी सब्जियों से बने विभिन्न पौष्टिक व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं ने बताया कि संतुलित आहार में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज तत्व, रेशे तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का समुचित समावेश होना चाहिए। सभी व्यंजनों को स्वच्छता के साथ कलात्मक एवं आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधतंत्र की सदस्य दीपाली मोदी, गुंजन शाह और पूजा छाबड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं से संतुलित आहार, विभिन्न पोषक तत्वों तथा शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक खाद्य पदार्थों से संबंधित प्रश्न किए। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में दीपाली मोदी, गुंजन शाह, पूजा छाबड़ा, शिक्षिकाओं और उपस्थित सदस्यों ने छात्राओं द्वारा तैयार विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। सभी ने व्यंजनों के स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता और आकर्षक प्रस्तुतीकरण की प्रशंसा की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने छात्राओं एवं गृह विज्ञान विभाग की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार के निर्माण में महिला की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्राओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत सहित विभिन्न विभागों की शिक्षिकाएं और महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं के ज्ञान, रचनात्मकता, परिश्रम तथा पौष्टिक व्यंजनों के सुंदर प्रदर्शन की सराहना की।

.

.

.

9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *