ग्राम पंचायत भवन पर हमेशा लटका रहता है ताला, समाजसेवी ने जांच कर कार्रवाई की उठाई मांग
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर, 9415120996
Gonda News
गोंडा। विकास खंड तरबगंज की ग्राम पंचायत खजुरी में पंचायत भवन के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। गांव के समाजसेवी किशन सिंह उर्फ सर्वेश सिंह ने ब्लॉक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि लाखों रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत भवन बनने के बावजूद आज तक उसका उद्देश्य पूरा नहीं हो सका है। भवन पर हमेशा ताला लटका रहता है और वहां ग्राम पंचायत से जुड़ा कोई भी कार्य संचालित नहीं होता।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचायत भवन का निर्माण ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायत की बैठकों के आयोजन तथा सरकारी योजनाओं के संचालन के लिए कराया गया था। लेकिन वास्तविक स्थिति यह है कि भवन का उपयोग नहीं हो रहा है। न तो पंचायत सचिव वहां बैठते हैं और न ही ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण पंचायत भवन से किया जाता है। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना पड़ता है।
समाजसेवी किशन सिंह उर्फ सर्वेश सिंह ने आरोप लगाया है कि पंचायत भवन का उपयोग न होना शासन की मंशा के विपरीत है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि पंचायत भवन बंद रहने के लिए कौन जिम्मेदार है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में उन्होंने ब्लॉक तथा जिला स्तरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पंचायत भवन को नियमित रूप से संचालित कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और पंचायत संबंधी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कराता है और ग्राम पंचायत भवन को नियमित रूप से संचालित कराने के लिए क्या कदम उठाता है।