गंगा उत्सव : दीपों की रोशनी से रोशन हुआ सरयू घाट, उतारी गई आरती

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
दीपों की रोशनी से जगमगाया सरयू-कटरा घाट, भव्य आरती और भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गंगा उत्सव-2026 पर सरयू तट पर हुआ दीपोत्सव, दीपदान कर दिया स्वच्छ एवं निर्मल नदियों के संरक्षण का संदेश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
करनैलगंज (गोंडा)। गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर बुधवार को करनैलगंज स्थित सरयू-कटरा घाट पर आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां सरयू की भव्य आरती, भक्तिमय भजन संध्या और दीपोत्सव के आयोजन से पूरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। हजारों टिमटिमाते दीपों के बीच श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। साथ ही स्वच्छ, निर्मल और अविरल नदियों के संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश भी दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला गंगा समिति, गोंडा के तत्वावधान में वन विभाग की ओर से आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां सरयू की आरती की गई। आरती के दौरान भक्ति और श्रद्धा से सराबोर माहौल ने उपस्थित लोगों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में कलाकारों की भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
दीपदान कार्यक्रम इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। श्रद्धालुओं ने सरयू तट पर दीप प्रज्वलित कर नदी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। देखते ही देखते घाट दीपों की कतारों से रोशन हो उठा। दीपोत्सव का विहंगम दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नदियों के प्रति जनमानस में श्रद्धा, सम्मान और संरक्षण की भावना को मजबूत करना तथा भारतीय संस्कृति, नदी सभ्यता और पारंपरिक जल संरक्षण के महत्व से लोगों को जोड़ना रहा। इस दौरान लोगों को नदी में गंदगी न फैलाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला महामंत्री विष्णु प्रताप नारायण सिंह, करनैलगंज विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह, गुड्डू सिंह, परसपुर के पसका प्रधान पिंकू सिंह, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित, जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे। वन विभाग की जिला परियोजना अधिकारी अंकिता सिंह, डिप्टी रेंजर आरसी सिंह, टीएसए के एजुकेशन ऑफिसर हर्षित सिंह सहित वन विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के कर्मचारी भी मौजूद रहे। क्षेत्र की महिलाओं, माताओं-बहनों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
गंगा उत्सव-2026 के तहत सरयू-कटरा घाट पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बना। दीपों से जगमगाते सरयू तट ने जहां श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता की अनुभूति कराई, वहीं यह संदेश भी दिया कि नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और जीवन का आधार हैं। इनकी स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।

.

..

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *