मंडी पहुंचकर मंडलायुक्त ने लिया धान खरीद केंद्रों का जायजा

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा बिहार लखनऊ
धान खरीद केंद्र पर मंडलायुक्त का औचक निरीक्षण, अधिकारियों से पूछे खरीद के आंकड़े और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने टटोली धान खरीद की नब्ज
किसानों को समय से भुगतान और क्रय केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश, देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में खरीद व्यवस्था दुरुस्त रखने की हिदायत
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सोमवार को नवीन मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच, खरीद प्रक्रिया, अब तक हुई खरीद की प्रगति और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद खाद्य एवं विपणन विभाग तथा मंडी के अधिकारियों से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ कर व्यवस्थाओं की स्थिति जानी।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संभागीय खाद्य नियंत्रक चंद्रभान यादव, आरएमओ एसएन पांडेय, डिप्टी आरएमओ एनके पाठक और मंडी सचिव राजेश यादव से धान खरीद की प्रगति तथा क्रय केंद्रों के संचालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंडी निरीक्षक राजेश सिंह और भूपेंद्र यति से भी केंद्र पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान की गुणवत्ता जांच और खरीद प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की। वहीं, खरीद एजेंसी के प्रबंधक बिल्लू वर्मा से खरीद कार्य की स्थिति और संबंधित अभिलेखों का जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। किसानों से निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से धान की खरीद की जाए। क्रय केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने खरीद के बाद किसानों को नियमानुसार समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया। कहा कि खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और खरीद से संबंधित सभी अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखे जाएं। शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
चार जिलों की खरीद व्यवस्था पर भी मांगी जानकारी
मंडलायुक्त ने संभागीय खाद्य नियंत्रक चंद्रभान यादव को निर्देशित किया कि देवीपाटन मंडल के गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में धान खरीद की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ खरीद प्रक्रिया को सुचारु रखा जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को शासन की ओर से निर्धारित सुविधाओं और समर्थन मूल्य का लाभ समय से मिले।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि धान खरीद में अनियमितता, पारदर्शिता की कमी अथवा किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और भुगतान में विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान संभागीय खाद्य नियंत्रक चंद्रभान यादव, आरएमओ एसएन पांडेय, डिप्टी आरएमओ एनके पाठक, मंडी सचिव राजेश यादव, मंडी निरीक्षक राजेश सिंह, भूपेंद्र यति तथा खरीद एजेंसी के प्रबंधक बिल्लू वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

.

.

.

.

.

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *