ऐसे रहा तो अधूरे रह जाएंगे शिक्षकों के प्रमोशन पाने के सपने

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा बलरामपुर बहराइच
 ऐसे चलता रहा तो अधूरे रह जाएंगे शिक्षकों के प्रमोशन पाने के सपने
सात नवंबर तक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश, गोंडा में अब तक रिक्त पदों की संख्या तक स्पष्ट नहीं; आपत्तियों और रिक्तियों के सत्यापन में उलझी पदोन्नति की कवायद
15 नवंबर तक खिंच सकती है प्रक्रिया, पहले भी विभागीय पेचीदगियों के चलते वर्षों तक अटकी रही है शिक्षकों की पदोन्नति
प्रदीप मिश्रा। प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति का इंतजार एक बार फिर लंबा होता नजर आ रहा है। शासन की ओर से सात नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन गोंडा में विभागीय तैयारियों की रफ्तार देखकर निर्धारित समयसीमा में यह प्रक्रिया पूरी होना मुश्किल दिखाई दे रहा है। हालात यह हैं कि अभी तक जिले में पदोन्नति के लिए रिक्त पदों की वास्तविक संख्या भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। कितने पदों पर पदोन्नति होनी है और कितने शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकेगा, इसे लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। वरिष्ठता सूची पर आपत्तियां मांगी जा रही हैं, जबकि ब्लॉकों से रिक्त पदों का ब्योरा जुटाने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में सात नवंबर तक पदोन्नति पूरी करने का लक्ष्य फिलहाल दूर नजर आ रहा है। प्रक्रिया इसी गति से आगे बढ़ी तो इसके 15 नवंबर तक खिंचने की आशंका है।
पदोन्नति को लेकर शिक्षकों में लंबे समय से उम्मीद जगी हुई है। करीब एक दशक से अधिक समय से नियमित पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को इस बार शासन के निर्देशों के बाद आस बंधी थी। लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक तैयारियों का पूरा नहीं होना उनकी चिंता बढ़ा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिले में पदोन्नति के लिए खाली पदों की संख्या ही तय नहीं है तो पात्र शिक्षकों की संख्या और पदोन्नति की अंतिम सूची कैसे तैयार होगी।
रिक्त पदों का ब्योरा जुटाने में जुटा विभाग
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठता सूची पर शिक्षकों से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। इसके साथ ही सभी विकासखंडों से रिक्त पदों की सूचना मांगी गई है। ब्लॉकों से सूचना मिलने और आपत्तियों के निस्तारण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, रिक्तियों का विवरण जुटाने और वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही जिले में पदोन्नति के वास्तविक दायरे की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
संगठनों ने उठाई प्रक्रिया तेज करने की मांग
पदोन्नति में हो रही देरी को लेकर शिक्षक संगठनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के शिक्षक नेता यशवंत पांडे ने बताया कि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने के लिए संगठन लगातार विभाग से मांग कर रहा है। शिक्षकों को लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार है, ऐसे में विभाग को अनावश्यक देरी से बचते हुए समयबद्ध तरीके से कार्यवाही पूरी करनी चाहिए।
वहीं शिक्षक नेता आनंद प्रताप सिंह ने कहा कि पदोन्नति के लिए उच्चाधिकारियों को कई बार मांगपत्र सौंपे गए हैं। संगठन लगातार इस मुद्दे को अधिकारियों के सामने उठा रहा है, लेकिन अब तक प्रक्रिया निर्णायक स्थिति में नहीं पहुंच सकी है। शिक्षकों की मांग है कि रिक्त पदों का निर्धारण कर पात्रता और वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी ढंग से पदोन्नति दी जाए।
पहले भी अड़चनों में फंसती रही है पदोन्नति
परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति का मामला पहले भी विभागीय पेचीदगियों में उलझता रहा है। कभी वरिष्ठता सूची में त्रुटियां, कभी सेवा अभिलेखों के सत्यापन और कभी पात्रता को लेकर उठे सवालों ने प्रक्रिया को आगे बढ़ने से रोका। इस बार भी वरिष्ठता सूची में विसंगतियों और टीईटी प्रमाणपत्रों का विवरण दर्ज नहीं होने की शिकायतें सामने आई हैं। शिक्षक संगठनों ने वरिष्ठ शिक्षकों को कनिष्ठ दर्शाए जाने का मुद्दा उठाते हुए संशोधन की मांग की है। ऐसे में आपत्तियों के निस्तारण में लगने वाला समय भी पदोन्नति की राह में बाधा बन सकता है।
सात नवंबर की समयसीमा, लेकिन तैयारियां अधूरी
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से 30 अक्टूबर को जारी निर्देश में सात नवंबर तक पदोन्नति की कार्यवाही पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित करने, पात्र शिक्षकों की सूची तैयार करने और चयन समिति के माध्यम से आगे की कार्यवाही पूरी करने के निर्देश हैं। लेकिन जिले में अभी रिक्तियों का सत्यापन और वरिष्ठता सूची पर आपत्तियों का निस्तारण ही चल रहा है। इन प्रक्रियाओं के बाद पात्रता परीक्षण, चयन समिति की कार्यवाही और पदोन्नति आदेश जारी करने की औपचारिकताएं भी पूरी करनी होंगी।
ऐसे में महज कुछ दिनों के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। यदि रिक्तियों का निर्धारण और आपत्तियों का निस्तारण समय से नहीं हुआ तो सात नवंबर की समयसीमा आगे बढ़ सकती है। इसका सीधा असर उन शिक्षकों पर पड़ेगा, जो वर्षों से पदोन्नति की आस लगाए बैठे हैं। शिक्षकों को आशंका है कि कहीं इस बार भी विभागीय देरी और तकनीकी अड़चनों के चलते उनके प्रमोशन पाने के सपने अधूरे न रह जाएं।

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996

7 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *