मेडिकल कॉलेज में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन का दिया गया प्रशिक्षण, संक्रमण नियंत्रण पर जोर
प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने स्वयं किया व्यावहारिक प्रदर्शन, स्टाफ नर्सों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों को समझाए सुरक्षित निस्तारण के तरीके
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा । स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा में गुरुवार को जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन (बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट) विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) संतोष कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के स्टाफ नर्सों, विभिन्न वार्डों के प्रभारी कर्मचारियों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों को जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन, उचित पृथक्करण, संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने स्वयं व्यावहारिक प्रदर्शन (हैंड्स ऑन डेमोंस्ट्रेशन) के माध्यम से जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की विभिन्न प्रक्रियाओं को समझाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों के उपचार के दौरान निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट का निर्धारित मानकों के अनुरूप पृथक्करण और निस्तारण बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही होने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसका असर मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाईकर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों पर भी पड़ सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से अपशिष्ट के सही पृथक्करण, निर्धारित रंगों वाले कूड़ेदानों एवं थैलियों के उपयोग, सुरक्षित संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही संक्रमण नियंत्रण की निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने, कार्यस्थल पर व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने और अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य ने स्टाफ नर्सों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यस्थलों और वार्डों में निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन करें। जैव चिकित्सा अपशिष्ट के प्रबंधन में छोटी सी लापरवाही भी गंभीर संक्रमण का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग रहना चाहिए।
प्रधानाचार्य ने सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए संक्रमण नियंत्रण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसके लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षित होना और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करना आवश्यक है।
इस अवसर पर सीएमएस, एमएस, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के संकाय सदस्य डॉ. मुकेश कुमार पटवा, अस्पताल प्रशासन की ओर से रेजिडेंट डॉ. रजनीश सिंह एवं डॉ. दीक्षा द्विवेदी, मैट्रन, विभिन्न वार्डों के प्रभारी, स्टाफ नर्स तथा पैरामेडिकल विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में जैव चिकित्सा अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ संक्रमण की रोकथाम करना और मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा पर्यावरण को संभावित खतरों से सुरक्षित रखना रहा।
.
.
.
.
