मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बाबू ईश्वर शरण अस्पताल का किया निरीक्षण, जांच सुविधाओं को समयबद्ध बनाने के निर्देश
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर, पैथोलॉजी, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जांच में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. संतोष वर्मा ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए सभी जांच सेवाएं सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य ने केंद्रीय पैथोलॉजी प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष, सीटी स्कैन कक्ष और अल्ट्रासाउंड कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रक्त संबंधी सभी प्रकार की जांचों के साथ हिस्टोपैथोलॉजी जांच की सुविधा भी नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही जांच रिपोर्ट निर्धारित समय के भीतर मरीजों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक्स-रे विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने 24 घंटे एक्स-रे जांच की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। आपातकालीन कक्ष में सभी एक्स-रे तकनीशियनों के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल जांच की सुविधा मिल सके।
अल्ट्रासाउंड जांच व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रधानाचार्य ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दोनों रेडियोलॉजिस्ट की निर्धारित ड्यूटी के अनुसार नियमित जांच सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपलब्धता बनी रहनी चाहिए, जिससे मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
प्रधानाचार्य ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सा अधीक्षक को रक्त संबंधी जांचों की रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में अनावश्यक देरी से मरीजों के उपचार पर असर पड़ता है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। निर्देशों का अनुपालन नहीं होने अथवा मरीजों को अनावश्यक परेशानी होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. संतोष वर्मा ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता है। मरीजों की सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान डॉ दीक्षा द्विवेदी, डॉ रजनीश आदि रहे।
.
.
.
.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996