भव्य निशान शोभायात्रा से शुरू होगा श्री श्याम महोत्सव, तीन दिवसीय आयोजन की तैयारियां पूरी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। रानी बाजार स्थित श्री खाटू श्याम बाबा परिवार के तत्वावधान में आयोजित होने वाला वार्षिक श्री श्याम महोत्सव इस वर्ष भी भव्य निशान शोभायात्रा के साथ प्रारंभ होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजन समिति के अनुसार सोमवार 13 अप्रैल को प्रातः 7:00 बजे रानी बाजार से निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़गांव पुलिस चौकी मार्ग से गुजरकर ददुआ बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
इसी क्रम में सोमवार सायंकाल 7:00 बजे रानी बाजार ओवरब्रिज के नीचे भव्य संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संकीर्तन में आमंत्रित कलाकार दीपांशी तिवारी (कानपुर), महक कसौधन (सुल्तानपुर), आकाश गुप्ता (आगरा) तथा सांवरिया ब्रदर्स (गोण्डा) द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पुष्प वर्षा एवं इत्र वर्षा भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
महोत्सव के अंतिम चरण में मंगलवार 14 अप्रैल को सायं 7:00 बजे कन्या पूजन, संकीर्तन एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के आयोजक अशोक कुमार कसौधन ने बताया कि महोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं तथा सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।