महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में उतारने का लिया संकल्प
आप जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र बोले—भेदभावमुक्त समाज का निर्माण ही महर्षि वाल्मीकि को सच्ची श्रद्धांजलि
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय, पोर्टरगंज स्थित लखनऊ रोड पर सोमवार को महर्षि वाल्मीकि की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र उर्फ अज्जू पंडित के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और भेदभावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, साहित्य और मानवीय चेतना के महान प्रतीक हैं। उन्हें संस्कृत साहित्य का आदिकवि माना जाता है। उनकी रचित रामायण में सत्य, मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, करुणा और न्याय जैसे जीवन-मूल्यों का संदेश मिलता है। उनका जीवन आत्मपरिवर्तन, ज्ञान और साधना के माध्यम से समाज को नई दिशा देने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करना नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण में उतारना है। समाज में किसी के साथ जाति, वर्ग या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय एवं समान अवसर मिलना चाहिए। यही महर्षि वाल्मीकि के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला कोषाध्यक्ष डॉ. आरके सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन ज्ञान, तपस्या, साधना और आत्मपरिवर्तन का अनुपम उदाहरण है। रामायण ने पीढ़ियों को नैतिकता, पारिवारिक दायित्व और आदर्श जीवन की प्रेरणा दी है। उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाकर ही समाज में सत्य, ईमानदारी, सद्भाव और मानवता को मजबूत किया जा सकता है।
गोंडा सदर विधानसभा अध्यक्ष श्यामू वाल्मीकि ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का व्यक्तित्व और कृतित्व पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी जयंती सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान का संदेश देती है। वहीं, जिला सचिव पुष्पा शर्मा ने शिक्षा और महिला सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिलाओं को समान सम्मान और सभी नागरिकों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू देवी जायसवाल, जिला महासचिव पंकज कुमार श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, जिला कार्यालय प्रभारी यतेन्द्र कुमार, जिला सचिव मीना देवी, कटरा बाजार विधानसभा की मीना बहन, चांदनी कुमारी, अविनाश वाल्मीकि, सत्यम वाल्मीकि, अभिषेक कुमार वाल्मीकि, सुधीर वाल्मीकि, डॉ. आरके सिंह, डॉ. यतेंद्र कुमार, राजवेंद्र और सुधीर तिवारी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि महापुरुषों की जयंती तभी सार्थक है, जब उनके विचार समाज के व्यवहार और कार्यों में दिखाई दें।