रेड रन मैराथन में युवाओं ने दिया एचआईवी जागरूकता का संदेश
अदम गोंडवी खेल मैदान में दौड़े छात्र-छात्राएं, विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (UPSACS) के तत्वावधान में संचालित ‘युवा उत्सव’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को अदम गोंडवी खेल मैदान में रेड रन मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने पुरुष एवं महिला वर्ग में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ के माध्यम से युवाओं ने एचआईवी/एड्स से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लस्टर कार्यक्रम प्रबंधक विजय कान्त शुक्ल, सीएसओ आयुष सरन और डीएमडीओ प्रशान्त श्रीवास्तव ने की। उन्होंने युवाओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और भेदभाव रहित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता के साथ एचआईवी संक्रमण की रोकथाम संभव है।
वरिष्ठ खेल कोच दीपक पाल, विवेक कुमार श्रीवास्तव और शाहीन देवी ने भी विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
पुरुष वर्ग में विशाल गुप्ता ने प्रथम, रिन्कू मौर्या ने द्वितीय, विवेक तिवारी ने तृतीय तथा अखिलेश कुमार ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में शालिनी शुक्ला प्रथम, निधि द्वितीय, रागिनी यादव तृतीय और सुमन पाण्डेय सांत्वना पुरस्कार की विजेता रहीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को Self Risk Assessment QR Code के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि क्यूआर कोड स्कैन कर व्यक्ति गोपनीय रूप से अपना एचआईवी जोखिम आकलन कर सकता है। आवश्यकता होने पर निकटतम ICTC केंद्र पर निःशुल्क एवं गोपनीय एचआईवी जांच और परामर्श की सुविधा भी प्राप्त की जा सकती है। मैराथन और रेड रिबन कार्यक्रमों के बैनरों पर भी इस क्यूआर कोड को प्रमुखता से प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही युवाओं को रेड रिबन क्लब की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कोच विवेक कुमार श्रीवास्तव ने किया। अंत में प्रतिभागियों, शिक्षकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।