छठ पर्व पर मेडिकल कॉलेज का आपातकालीन वार्ड रहेगा पूरी तरह मुस्तैद, अतिरिक्त वार्ड भी होगा आरक्षित
प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने किया इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण, चिकित्सकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। छठ पूजा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राजकीय स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने और मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) संतोष कुमार वर्मा ने चिकित्सालय के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य ने इमरजेंसी वार्ड में उपलब्ध दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, उपचार संबंधी संसाधनों और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने इमरजेंसी प्रभारी को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता पहले से सुनिश्चित कर ली जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों और अन्य कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी कहा कि पर्व के दौरान आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से उपचार उपलब्ध कराया जाए और किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
संभावित मरीजों के लिए आरक्षित रहेगा अतिरिक्त वार्ड
छठ पर्व के दौरान संभावित मरीजों की संख्या और आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रधानाचार्य ने चिकित्सालय में एक अतिरिक्त वार्ड आरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती करने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहना चाहिए। इसके साथ ही अतिरिक्त वार्ड में भी आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और उपचार संबंधी सभी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीएमएस और एमएस को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी
प्रधानाचार्य ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) एवं चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान चिकित्सालय की समस्त व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। आपातकालीन सेवाओं से लेकर मरीजों के उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और कर्मचारियों की तैनाती तक प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस, एमएस, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन रेजिडेंट डॉ. रजनीश सिंह, मैट्रन सहित चिकित्सालय के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
.
.
.
.
.
