मन की बात सांवरिया से सुना कर देख ले: भजनों की रसधार में डूबा रानी बाजार, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। रानी बाजार स्थित श्री खाटू श्याम बाबा परिवार द्वारा आयोजित श्री श्याम महोत्सव के अंतर्गत ओवरब्रिज के नीचे भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। सजे-धजे दरबार और मनमोहक भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांवरिया ब्रदर्स के करन पटवा और श्याम मोदनवाल की जोड़ी ने गणेश वंदना के साथ की। इसके बाद गायक मयंक कसौधन ने “तेरे मंदिर में हारे का सहारा…”, “श्याम धनी आने में क्यों देर लगाओगे…” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कानपुर से आमंत्रित भजन गायिका दीपांशी तिवारी ने अपने मधुर स्वर में “हारे का सहारा है मेरा श्याम धणी…”, “हम तो बाबा के भरोसे चलते हैं…”, “मन की बाता सांवरिया से आज सुना कर देख ले…” जैसे भजनों से माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
इसके बाद सुल्तानपुर से आईं भजन गायिका महक कसौधन ने “राम सिया राम, सिया राम जय जय राम…” सहित हनुमान चालीसा का संगीतमय प्रस्तुतीकरण कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं भजन गायक आकाश गुप्ता ने भी अपनी प्रस्तुति से महफिल में चार चांद लगाए।
कार्यक्रम के दौरान राजा छलिया गुरुद्वारा मित्र मंडली द्वारा प्रस्तुत झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे संकीर्तन के दौरान पुष्प वर्षा और इत्र वर्षा की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्याम बाबा का दरबार आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिसकी छटा देखते ही बन रही थी। श्याम मंदिर के प्रबंधक गोविंद जालूका भी बाबा की ज्योति के समक्ष उपस्थित रहे।
मंगलवार को सायंकाल 7 बजे कन्या पूजन, संकीर्तन एवं भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर अशोक कुमार कसौधन, अनिल कसौधन, शिव शंकर सोनी, सुरेश भावसिंहका, अनूप बंसल, राजू मोदनवाल, शम्भू मोदनवाल, अरविंद शर्मा, पवन गुप्ता, विकास मोदनवाल, ऋषि कसौधन, सचिन महेश्वरी, राकेश मोदनवाल, ध्रुव कसौधन, रिंकू कसौधन, विश्वनाथ कसौधन, सीताराम कसौधन, विजय कसौधन, माया कसौधन, सीमा मोदनवाल, सुमन कसौधन, रजनी कसौधन, संतोष कसौधन, सावित्री देवी, शिवकुमारी देवी, सरला देवी, बेबी गुप्ता, काजल सोनी, कुमुद कसौधन, पिंकी मोदनवाल, मालती कसौधन, शालू मोदनवाल, विंदा गुप्ता, मुन्नी गुप्ता, पूनम, गायत्री माहेश्वरी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
