पारासराय सिसई बहलोलपुर में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda :
गोण्डा। इटियाथोक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत ग्राम पारा सराय/सिसई बहलोलपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय की मिसाल है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर केवल एक महान व्यक्ति ही नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने शिक्षा, संविधान और सामाजिक समरसता के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में भाईचारा और समानता को मजबूत किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान सेवा दल अध्यक्ष प्रदुम्न शुक्ला, शकील अहमद, शुक्ला प्रसाद शुक्ला, सुभाष चंद्र पांडेय, अरविन्द शुक्ला, अफजल मास्तर, राजेश सिंह, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, शिव कुमार चौधरी, हरी राम वर्मा, अंजनी कुमार उपाध्याय सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।
अंत में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
