शिकायत निस्तारण में देवीपाटन मंडल प्रदेश में अव्वल, अप्रैल माह में हासिल किया प्रथम स्थान*
मंडलायुक्त दुर्गाशक्ति नागपाल ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
*गोण्डा, 09 मई 2026* — देवीपाटन मंडल ने जनशिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अप्रैल माह में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क, सतत मॉनिटरिंग और जनहित के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिसके कारण मंडल को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दी जाए, ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
उन्होंने मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी शिकायत का निस्तारण बिना स्थलीय सत्यापन अथवा तथ्यात्मक जांच के न किया जाए।
अपर आयुक्त मीनू राणा ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा केवल कागजी कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि देवीपाटन मंडल आगामी महीनों में भी प्रदेश में प्रथम स्थान बनाए रख सके।
उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।