केसीसी बकायेदारों पर यूपी ग्रामीण बैंक की बड़ी कार्रवाई, 11 की भूमि कुर्क
राजस्व विभाग और पुलिस के सहयोग से नवाबगंज क्षेत्र में चला अभियान, बैंक ने दी आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की अदायगी नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने बड़ी कार्रवाई की है। बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय गोंडा की ओर से नवाबगंज क्षेत्र में राजस्व विभाग और पुलिस के सहयोग से व्यापक कुर्की अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान केसीसी ऋण के 11 बकायेदारों की भूमि को नियमानुसार कुर्क किया गया। कार्रवाई से ऋण बकायेदारों में खलबली मच गई।
बैंक के अनुसार, लंबे समय से ऋण की अदायगी नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार वसूली की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम के सहयोग से नवाबगंज क्षेत्र में अभियान चलाकर बकायेदारों की संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की गई।
इन बकायेदारों की भूमि हुई कुर्क
अभियान के दौरान राम उजागर सिंह पुत्र नरसिंह निवासी दत्तनगर, नागेंद्र पुत्र दूधनाथ, शिवेन्द्र कुमार पुत्र दूधनाथ, राम गोपाल यादव पुत्र ठाकुर प्रसाद, सम्मददीन पुत्र अशरफी, बिंदु देवी पत्नी कृष्ण देव, जगदम्बा पुत्र रामदत्त, शीतला देवी पत्नी हरिराम और बृज नन्दन पुत्र राम सुन्दर निवासीगण तुलसीपुर मांझा, राम किशोर पुत्र गोपीनाथ निवासी इन्द्रपुर तथा शिव बहादुर पुत्र राजबक्स निवासी गोकुला की भूमि नियमानुसार कुर्क की गई।
राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार द्विवेदी के निर्देशन में संपन्न हुई। अभियान में तरबगंज तहसील के तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय, लेखपाल विनीत कुमार, अमीन सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया। कुर्की की कार्रवाई के दौरान नवाबगंज थाने की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही।
बैंक की ओर से क्षेत्रीय कार्यालय गोंडा के विधि अधिकारी राहुल पाण्डेय और सहायक प्रबंधक उपकार राय भी अभियान में शामिल रहे। इसके अलावा नवाबगंज शाखा के मुख्य प्रबंधक अब्दुल अहद, वरिष्ठ प्रबंधक अरुण कुमार मिश्रा, कटरा भोगचंद शाखा प्रबंधक नीरज कुमार सिंह, टिकरी शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार मिश्रा, दुर्जनपुरघाट शाखा प्रबंधक अंकित सिंह और माधवपुर के सहायक प्रबंधक सुधाकर झा मौजूद रहे।
कुर्की की कार्रवाई में बैंक के अनुबंधित अधिवक्ता कोमल पाण्डेय, अरविन्द तिवारी, दिनेश श्रीवास्तव और हरिश्चन्द्र तिवारी समेत अन्य अधिवक्ताओं ने भी सहयोग किया।
समय से ऋण चुकाने की अपील
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने सभी ऋण बकायेदारों से अपील की है कि वे अपने बकाया केसीसी ऋण का समय से भुगतान करें और अनावश्यक रूप से वैधानिक कार्रवाई की स्थिति से बचें। बैंक ने स्पष्ट किया है कि बकाया ऋण की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ राजस्व वसूली अधिनियम के तहत कुर्की समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई भविष्य में भी की जा सकती है।
बैंक की इस कार्रवाई को ऋण वसूली अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि बकाया ऋण की वसूली के लिए नियमानुसार उपलब्ध सभी वैधानिक विकल्पों का इस्तेमाल किया जाएगा।