ड्रोन से सुरागरसी कर हुई ताबड़तोड़ छापेमारी, 500 लीटर कच्ची शराब और चार अवैध भट्टियां ध्वस्त
आबकारी विभाग व नवाबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, छह आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को दी कड़ी चेतावनी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 15 जुलाई। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बुधवार को नवाबगंज पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त एवं प्रमुख सचिव के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा गांव में ड्रोन तकनीक की सहायता से अचानक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के ठिकानों का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में कच्ची शराब, अवैध भट्टियां और शराब बनाने में प्रयुक्त लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
संयुक्त टीम ने दुर्गागंज माझा क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध स्थानों की निगरानी की, जिसके बाद विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान लगभग 500 लीटर अवैध कच्ची शराब, चार अवैध शराब भट्टियां तथा करीब 2000 किलोग्राम कच्चा लहन (शराब बनाने का कच्चा माल) बरामद किया गया। बरामद सामग्री को आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त पाए गए छह व्यक्तियों के विरुद्ध नवाबगंज थाने में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा की जा रही है।
यह अभियान जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया के निर्देशन में संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आधुनिक तकनीक, विशेषकर ड्रोन की सहायता से दुर्गम एवं माझा क्षेत्रों की निगरानी कर ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जनपद में अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री अथवा भंडारण होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
