2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 30 अगस्त तक बूथवार जिम्मेदारी तय करने के निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला कमेटी, ब्लॉक अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों व पदाधिकारियों तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 30 अगस्त तक सभी बूथों पर समर्पित कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा। बूथवार संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी। जिला अध्यक्ष ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने ब्लॉकों के सभी बूथों की सूची तैयार कर जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाएं।
बैठक के दौरान किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद के लिए राम जनक वर्मा तथा कांग्रेस अनुसूचित जनजाति विभाग के जिला अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार कन्नौजिया के नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे, शुक्ला प्रसाद शुक्ला, निशांत सिंह बिसेन, त्रिलोकी नाथ तिवारी, तौवाज खान, अवधेश दुबे, वासुदेव प्रसाद शुक्ला, पंडित रघुपति त्रिपाठी, रमा कश्यप, बृजेश द्विवेदी, वेद प्रकाश सिंह, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. राज बहादुर सिंह, विवेकानंद शुक्ला, राजेश सिंह, सगीर खान, राम सिंह राणा, जैनुल आब्दीन खान, संतोष ओझा, सुभाष चंद्र पांडेय, सलीम कुरैशी, धर्मराज सिंह, गंगाराम भारती, राम बुझारत वर्मा, अब्दुल मुजीब अहमद, अरुण गौतम, इरशाद अहमद, आशुतोष मिश्रा, राम सिंह, जावेद मारूफ, वादी यादव, अनवर अली, भागोती सोनी और उमेश चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
