स्कूल चलो अभियान: जागरूकता रैली से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कठपुतली प्रदर्शन और नारों से बच्चों ने ग्रामीणों को किया जागरूक, शिक्षा के प्रति बढ़ाया उत्साह
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा (मनकापुर)। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बक्सरा आज्ञाराम, विकास खंड मनकापुर में शनिवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ संचारी रोगों से बचाव, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया। विद्यालय परिवार ने इस पहल के माध्यम से “एक पंथ दो कार्य” की अवधारणा को साकार करते हुए शिक्षा और सामाजिक चेतना का संदेश एक साथ जन-जन तक पहुंचाया।
विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली गांव के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में आकर्षक पोस्टर, तख्तियां और बैनर लिए हुए थे, जिन पर शिक्षा, स्वच्छता, संचारी रोगों की रोकथाम, आपदा से बचाव तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के संदेश लिखे हुए थे। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रेरक नारे लगाए, जिससे ग्रामीणों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हुआ।
रैली के दौरान ड्रम की थाप और बच्चों के उत्साहपूर्ण नारों ने पूरे गांव का वातावरण जागरूकता से भर दिया। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और रैली में दिए जा रहे संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना। ग्रामीणों ने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार की इस पहल को समाज के लिए उपयोगी बताया।
रैली का सबसे आकर्षक केंद्र बच्चों द्वारा प्रस्तुत कठपुतली प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने अपनी हाथों की उंगलियों से तैयार कठपुतलियों के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को रोचक शैली में प्रस्तुत किया। बच्चों की इस अनूठी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया और ग्रामीण काफी देर तक रुककर पूरे कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
विद्यालय के शिक्षकों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराकर उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की आधारशिला होता है। इसके साथ ही स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, संचारी रोगों से बचाव के उपाय अपनाने, प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का भी आह्वान किया।
शिक्षकों ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों का विद्यालय में नामांकन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रैली के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाए गए।
इस अवसर पर शिक्षक आलोक कुमार, बलजीत सिंह, अरुण कुमार सिंह, पूनम वर्मा, सुरेश कुमार, देवेन्द्र प्रताप, अनुराधा मिश्रा, पूनम यादव, अमर ज्योति सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
