‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत महर्षि विद्या मंदिर में सात दिवसीय वन महोत्सव का शुभारंभ
वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ पौधरोपण, शिक्षकों और नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 7 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत महर्षि विद्यालय समूह की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर, गोण्डा में सात दिवसीय वन महोत्सव का भव्य शुभारंभ उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में फॉरेस्ट रेंजर अधिकारी मोहम्मद इमरान एवं फॉरेस्ट इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से वन महोत्सव का उद्घाटन किया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
इसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्र ने पौधरोपण कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। उनके नेतृत्व में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ पौधरोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वन महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसमें विनोद कुमार श्रीवास्तव, विवेक पांडेय, अवधेश कुमार पांडेय, शिवम श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, मालिनी श्रीवास्तव, नलिनी वाजपेयी, लतिका पाठक, कोमल तिवारी, पूजा पाठक, स्मृति, ज्योति मिश्रा, नेहा श्रीवास्तव, शालू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय के माली नानबाबू ने पौधरोपण एवं पौधों की व्यवस्था में विशेष भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे भी अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करें, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके। सात दिवसीय वन महोत्सव के दौरान विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।