‘मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने भरी विकसित भारत की कल्पना के रंग
चित्रकला, पोस्टर, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जनपद स्तरीय चित्रकला, पोस्टर, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से आत्मनिर्भर, विकसित, शिक्षित, स्वच्छ और समृद्ध भारत की कल्पना को कागज और शब्दों में जीवंत किया।
कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने निबंध, भाषण तथा चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक चित्रों और पोस्टरों ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गोण्डा दयानंद प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उपाध्यक्ष नंद किशोर सहित अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, राष्ट्र निर्माण की भावना और विकसित भारत के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम
भाषण प्रतियोगिता में जीआईसी गोण्डा के निखिल ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरयू कन्या पाठशाला की योगिनी पांडेय द्वितीय और जीआईसी गोण्डा के चंदन तिवारी तृतीय स्थान पर रहे।
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में सरयू कन्या पाठशाला की आयूषी गुप्ता प्रथम, भैया राघव राम कॉलेज की आकांक्षा द्विवेदी द्वितीय तथा एपी इंटरमीडिएट कॉलेज मनकापुर की पुष्पा गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में जीजीआईसी गोण्डा की प्रज्ञा पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनिष्टकारी सिंह द्वितीय और भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज कटरा बाजार के आशीष तिवारी तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, समृद्धि और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को रचनात्मक ढंग से सामने रखा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें देश के विकास और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करना रहा।
