बीमा एवं पेंशन योजनाओं का किसान लें लाभ : डॉ आरबी राम

उत्तर प्रदेश गोंडा
गन्ना किसानों के लिए तीन दिवसीय सामाजिक सुरक्षा नामांकन मेले का शुभारंभ, बीमा और पेंशन योजनाओं से जुड़ने की अपील
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोण्डा, 13 जुलाई। गन्ना किसानों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, गोण्डा में सोमवार को तीन दिवसीय सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन मेले का शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन वरिष्ठ गन्ना किसान श्रीनाथ एवं उप गन्ना आयुक्त देवीपाटन डॉ. आरबी. राम ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप गन्ना आयुक्त डॉ. आरबी. राम ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक किसान और उसके परिवार के लिए सामाजिक सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने किसानों से सरकार द्वारा संचालित बीमा एवं पेंशन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ये योजनाएं किसी भी आकस्मिक या विपरीत परिस्थिति में किसान परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र किसान को इन योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाना चाहिए।
मेले के दौरान किसानों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रीमियम, बीमा कवरेज, पेंशन व्यवस्था तथा अन्य लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें मौके पर ही योजनाओं में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर लीड बैंक कॉर्डिनेटर अनिल श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार आरोह फाउंडेशन शिव मोहन पाण्डेय, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गोण्डा सुनील कुमार शुक्ल, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति डॉ. राम मिलन, मनकापुर चीनी मिल के एजीएम नरेन्द्र पोघाट, कुंदरखी चीनी मिल के डीजीएम प्रदीप पवार, मैजापुर चीनी मिल के वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक राजेश सरोहा, गन्ना समिति संचालक मनीराम के प्रतिनिधि मोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में गन्ना कृषक मौजूद रहे।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुनील कुमार शुक्ल ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन मेला 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी पात्र किसानों से मेले में पहुंचकर सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा, बीमा एवं पेंशन योजनाओं में अपना नामांकन कराने और इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

2 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *