सीबीएसई बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में लहराया प्रतिभा का परचम

उत्तर प्रदेश गोंडा
सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में फातिमा, गीता इंटरनेशनल स्कूल, केंद्रीय विद्यालय गोंडा व केवी मनकापुर के विद्यार्थियों ने रचा सफलता का नया इतिहास
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :

गोण्डा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम ने जनपद के शैक्षणिक परिदृश्य को गौरवान्वित कर दिया है। जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों—फातिमा हायर सेकेंडरी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय गोंडा, केंद्रीय विद्यालय मनकापुर तथा गीता इंटरनेशनल स्कूल—के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसरों में खुशी की लहर दौड़ गई और विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
इस वर्ष परिणामों की विशेषता यह रही कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालयों की उच्च स्तरीय शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रमाण है। विषयवार भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
फातिमा हायर सेकेंडरी स्कूल में साक्षी पांडे ने मारी बाजी
फातिमा हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा साक्षी पांडे ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। साक्षी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान की गौरवशाली परंपरा का विस्तार बताया। साक्षी के माता-पिता ने उसे मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
केंद्रीय विद्यालय मनकापुर की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
केंद्रीय विद्यालय मनकापुर की छात्रा आस्था विश्वकर्मा ने 93.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय की टॉपर सूची में स्थान बनाया। वहीं आंशी गुप्ता ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने इन छात्राओं की सफलता को उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया।
केंद्रीय विद्यालय गोंडा में अदिति लागुरी ने बढ़ाया मान
केंद्रीय विद्यालय गोंडा की छात्रा अदिति लागुरी ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अदिति ने साइंस और एआई में 100 में से 100 नंबर अर्जित किए। इसके अलावा अपूर्व यदुवंशी (89.2 प्रतिशत) और श्रेया मिश्रा (88.8 प्रतिशत) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में इजाफा किया। विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. अपर्णा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की प्रतिभा, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है।
गीता इंटरनेशनल स्कूल में जाह्नवी ने हासिल किए 98 प्रतिशत अंक
गीता इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। छात्रा जाह्नवी ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया, जिसमें साइंस विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। इसके अतिरिक्त प्रतीक्षा पाठक (91.2 प्रतिशत), जागृति सिंह (91 प्रतिशत), प्रियांशी चतुर्वेदी (90.4 प्रतिशत), श्रेया यादव (89.4 प्रतिशत) और शशांक पांडे (87.6 प्रतिशत) ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। प्रांजल त्रिपाठी, आलोक कुमार, मोहम्मद शमीम, अंकित कुमार और शिवम वर्मा ने भी मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
विद्यालय के प्रबंधक रंगेश अग्रवाल एवं प्रशासक रितेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
जिले में जश्न का माहौल, हर ओर बधाइयों का दौर
परिणाम घोषित होते ही जिले के सभी विद्यालयों में जश्न का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और शिक्षकों ने उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
सीबीएसई 10वीं के इस शानदार परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गोण्डा के विद्यार्थी किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हैं। उनकी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता आने वाले समय में उन्हें और ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

14 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *