नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत छात्राओं ने बनाई मानव श्रृंखला, निकाली जागरूकता पदयात्रा
सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय की एनएसएस की छात्राओं ने निकाली रैली
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज, गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में चल रहे नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रचार-प्रसार अभियान के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्राओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर की गई। इस दौरान सभी ने “हम होंगे कामयाब” गीत प्रस्तुत करते हुए नारी शक्ति से जुड़े प्रेरक नारे लगाए। इसके पश्चात छात्राओं ने नारी शक्ति पदयात्रा निकालकर नगर क्षेत्र में भ्रमण किया और आमजन को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
पदयात्रा के दौरान छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ नारी सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े नारे लगाए, जिससे वातावरण पूरी तरह जागरूकता के संदेश से गूंज उठा। इस अभियान में महाविद्यालय एवं एनएसएस की लगभग 400 छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह एवं डॉ. नीतू सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ. आनन्दिता रजत सहित श्रीमती रंजना बन्धु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. साधना गुप्ता, डॉ. रश्मि द्विवेदी, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, श्रीमती गीता श्रीवास्तव, कंचनलता पाण्डेय, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, प्रियंका त्रिपाठी, डॉ. कुमकुम सिंह, सुषमा सिंह, डॉ. विमला पाण्डेय, किरण पाण्डेय, जया त्रिपाठी, हिमांशी शुक्ला, मोनिका श्रीवास्तव, मानवेन्द्र श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, सुबेन्दु वर्मा, अरविन्द कुमार पाठक, मंगली राम, विजय प्रकाश, मनोज सोनी, दिनेश मिश्रा एवं दिनेश श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने समाज में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
