लायंस क्लब गोंडा सेवा द्वारा बच्चों को दी गई निःशुल्क डायरी एवं स्टेशनरी किट
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। लायंस क्लब गोंडा सेवा ने 200 विद्यार्थियों को बांटी स्कूल डायरी व स्टेशनरी
गोंडा। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय लायंस क्लब गोंडा सेवा की ओर से क्लब के अंगीकृत विद्यालय जेपी इंटर कॉलेज, भिखनापुर, गोंडा में अध्ययनरत लगभग 200 छात्र-छात्राओं को स्कूल डायरी एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पेन, पेंसिल, रबर, कटर सहित अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री प्रदान की गई।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनकी पढ़ाई को सुगम बनाना और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का मजबूत आधार है तथा बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में एमजेएफ लायन डॉ. केके मिश्रा, एमजेएफ लायन चंद्रकेश मिश्रा, अध्यक्ष लायन अमित पांडे, कोषाध्यक्ष लायन मयंक टंडन, सचिव लायन राजीव अग्रवाल, लायन राज कुमार जायसवाल एवं लायन आनंद सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने लायंस क्लब गोंडा सेवा के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए क्लब पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्टेशनरी सामग्री पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे।