नारी शक्ति वंदन अभियान में छात्राओं ने किया प्रदर्शन, कविता व वाद-विवाद में उभरी प्रतिभाएं
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ के व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत शनिवार को सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पी.जी. कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और तर्कशक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत नारी विषय पर आयोजित कविता प्रतियोगिता से हुई, जिसमें सात छात्राओं ने भाग लिया। अधिकतर प्रतिभागियों ने स्वरचित कविताओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक बदलाव और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। प्रतियोगिता में निशा यादव एवं आकृति सिंह ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रेया मिश्रा द्वितीय और निहारिका मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में कंचनलता पाण्डेय एवं अनु उपाध्याय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दूसरे चरण में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘महिलाओं को पुरुषों के बराबर अधिकार—उचित या अनुचित’ रहा। प्रतियोगिता में पक्ष में सात और विपक्ष में दो छात्राओं ने अपने विचार रखे। तार्किक प्रस्तुति के आधार पर आकृति सिंह एवं श्रेया मिश्रा को प्रथम स्थान मिला, जबकि निहारिका तिवारी एवं सविता मक्कड़ द्वितीय और लाडली गुप्ता एवं चाहत गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अमिता श्रीवास्तव एवं रश्मि द्विवेदी शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह एवं डॉ. नीतू सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ. आनन्दिता रजत, श्रीमती रंजना बन्धु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. सीमा श्रीवास्तव एवं डॉ. आशु त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
