नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में छात्राओं ने निकाली स्कूटी रैली, गूंजे सशक्तिकरण के नारे
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :
गोण्डा। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में छात्राओं द्वारा भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर जितेंद्र सिंह के निर्देशन तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. रेखा शर्मा एवं डॉ. परवेज आलम के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
रैली के दौरान छात्राओं ने “नारी शक्ति सशक्त देश” और “भारत के विकास में सुनिश्चित हो नारी की भागीदारी” जैसे जागरूकता नारे लगाकर माहौल को ऊर्जा से भर दिया। साथ ही उन्होंने अपने मोबाइल से 9667173333 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर महिला आरक्षण बिल के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस दौरान छात्राओं ने संसद में बिल के अब तक पारित न होने पर निराशा व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उनका कहना था कि स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी समाज की मानसिकता में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है और आज भी महिलाओं को आगे बढ़ने में बाधाओं का सामना करना पड़ता है। छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि देश के समग्र विकास के लिए महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में उचित आरक्षण मिलना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर निर्णय लेने की अपील की, ताकि देश की आधी आबादी की आवाज को सशक्त मंच मिल सके। छात्राओं का मानना था कि जब तक लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक वास्तविक लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व अधूरा रहेगा।
रैली के सफल आयोजन में प्रोफेसर अरविंद कुमार शर्मा, विजय सिंह, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, आनंद चतुर्वेदी, ड्रिंकल यादव, अमित द्विवेदी एवं मानसी पांडे का सहयोग सराहनीय रहा।