शिक्षक समस्याओं को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का प्रदर्शन, वित्त एवं लेखाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
जीआईएस, एनपीएस, जीपीएफ और लंबित एरियर भुगतान सहित कई मांगों पर हुई वार्ता, 15 दिन में एरियर भुगतान का आश्वासन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। उ0प्र0 जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने प्रान्तीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार सिंह एवं जिला अध्यक्षा श्रीमती किरन सिंह के संयुक्त नेतृत्व में मंगलवार को वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक गोंडा को शिक्षक समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर विस्तार से वार्ता की गई तथा कई मामलों में शीघ्र निस्तारण का आश्वासन मिला।
संघ पदाधिकारियों ने मृतक शिक्षकों के जीआईएस भुगतान को तत्काल जारी करने, एनपीएस कटौती को समय से अपलोड कराने, लंबित एनपीएस फार्मों का शीघ्र प्रान आवंटन कराने, जीपीएफ लोन के लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने तथा लंबित एरियर, बोनस एवं डीए अवशेष के भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही एनपीएस के पूर्व अवशेष पर ब्याज सहित भुगतान तथा प्रान में आवश्यक संशोधन कराने की मांग भी रखी गई।
वार्ता के दौरान वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि लगभग 451 शिक्षकों के प्रथम एरियर भुगतान का ट्रांजेक्शन ट्रेजरी को भेज दिया गया है। शेष 691 शिक्षकों के एरियर भुगतान की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है और इसे आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश संबंधित पटल सहायकों को दे दिए गए हैं।
बलरामपुर जनपद के उन शिक्षकों के जीपीएफ अवशेष धनराशि का मुद्दा भी बैठक में उठा, जो पूर्व में गोंडा जनपद में कार्यरत रहे हैं। इस पर जानकारी दी गई कि करीब पांच करोड़ रुपये की धनराशि जनपद बलरामपुर को प्रेषित कर दी गई है, जो दो दिनों के भीतर वहां पहुंच जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन शिक्षकों के एनपीएस फॉर्म अभी तक कार्यालय में लंबित हैं, वे नए प्रारूप में पुनः आवेदन पत्र भरकर कार्यालय में जमा करें तथा उसकी रिसीविंग अवश्य प्राप्त करें। यदि किसी स्तर पर रिसीविंग देने में समस्या आती है तो इसकी सूचना तत्काल संगठन अथवा वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय को देने को कहा गया। वहीं प्रान संशोधन से जुड़े शिक्षकों को एस-2 फॉर्म जमा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी बताया गया कि जीपीएफ लोन की ऑनलाइन लंबित सभी पत्रावलियों को तत्काल स्वीकृत कर दिया गया है। साथ ही एनपीएस की दो माह की कटौती अपलोड करने के निर्देश भी संबंधित कर्मचारियों को दिए गए। सेवानिवृत्त शिक्षकों को सामूहिक जीपीएफ भुगतान का भी आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर मंडल मंत्री मोहित प्रकाश सिंह, मंडल संयुक्त मंत्री बृजेश कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार कन्नौजिया, जिला मंत्री अनिल कुमार सिंह, जिला संयुक्त मंत्री राम गोपाल गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष कटरा बाजार रामजी वर्मा, कृष्णकांत सोनी, रुपईडीह ब्लॉक से गौरव कुमार सिंह, अनूप कुमार तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
