शिक्षक हित को लेकर शैक्षिक महासंघ ने किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश गोंडा
टीईटी पूर्व नियुक्त शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा को लेकर महासंघ ने किया प्रदर्शन, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News

गोण्डा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश (प्राथमिक संवर्ग) जनपद गोण्डा के नेतृत्व में बुधवार को टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा-अधिकारों एवं विधिक संरक्षण की मांग को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। महासंघ के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने जिला पंचायत सभागार से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालते हुए “टीईटी काला कानून वापस लो” के नारे लगाए और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
महासंघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उपजिलाधिकारी विशाल गुप्ता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2010 तथा उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) लागू होने की तिथि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा, वरिष्ठता, पदोन्नति, पेंशन तथा अन्य वैधानिक अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे शिक्षकों ने उस समय की निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्ति प्राप्त की थी, इसलिए उनके अधिकारों एवं सेवा-हितों का संरक्षण किया जाना न्यायोचित एवं आवश्यक है।
महासंघ ने मांग की कि टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को किसी भी प्रकार की विधिक या प्रशासनिक जटिलता से मुक्त रखते हुए उनके सेवा लाभों को सुरक्षित किया जाए। संगठन का कहना है कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं किया गया तो भविष्य में व्यापक आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने सरकार से मांग की कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों की वरिष्ठता, पदोन्नति और पेंशन संबंधी मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा उनके हितों की रक्षा के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए। वक्ताओं ने कहा कि सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण प्रत्येक शिक्षक का अधिकार है और सरकार को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, संगठन मंत्री हंसराज वर्मा, संयुक्त महामंत्री आनंद प्रताप सिंह, जिला मंत्री घनश्याम शुक्ला, गुलाम नबी, जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश, संयुक्त मंत्री भास्कर दूबे, पंकज श्रीवास्तव, महिला संवर्ग की जिलाध्यक्ष सुनीता गुप्ता, कटरा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, परसपुर ब्लॉक अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह, बेलसर ब्लॉक अध्यक्ष सत्यव्रत वर्मा, करनैलगंज ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार, मुजेहना ब्लॉक अध्यक्ष राहुल वर्मा, हलधरमऊ ब्लॉक अध्यक्ष अभयजीत सिंह, रुपईडीह ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यमणि पाण्डेय, मनकापुर ब्लॉक संयोजक सुनीत शुक्ला, नवाबगंज ब्लॉक संयोजक त्रिगुण शुक्ला सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *