भव्य समारोह में हुआ श्री राधा कृष्ण बैंक्वेट हॉल का उद्घाटन, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
रानीबाजार स्थित रामजानकी धर्मशाला में हुआ है नवनिर्माण, राम जानकी धर्मादा समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया उद्घाटन
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News
गोंडा। नगर के रानी बाजार स्थित श्री राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में बुधवार सायंकाल नव निर्मित श्री राधा कृष्ण बैंक्वेट हॉल का भव्य उद्घाटन समारोह धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह का शुभारंभ सायं पांच बजे भगवान गणेश के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के बीच उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीगणेश, श्रीराधा-कृष्ण एवं प्रभु श्रीराम के जयकारों से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वृंदावन से पधारे कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या रही। कलाकारों ने श्रीकृष्ण, राधारानी एवं रामभक्ति से ओतप्रोत भजनों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे। भजनों पर श्रद्धालुओं ने भाव विभोर होकर तालियां बजाईं और कई भक्त भक्ति भाव में झूमते नजर आए। पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री राधा कृष्ण बैंक्वेट हॉल का निर्माण सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। यह हॉल नगरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा, जहां विवाह, मांगलिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भी संपन्न कराए जा सकेंगे।
आयोजकों ने बताया कि वर्षों से समाज सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी श्री राम जानकी धर्मादा समिति द्वारा यह प्रयास नगर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह बैंक्वेट हॉल लोगों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार एवं स्वरुचि भोज की व्यवस्था की गई। लोगों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए समिति के इस प्रयास को सराहनीय बताया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अनिल मित्तल, सचिव संजय अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्य अजय मित्तल, दीपक अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, खन्ना माहेश्वरी, विकास जैन, अशोक बंसल तथा श्री राम जानकी महिला मंडल की सदस्याएं कविता अग्रवाल, नीलम जैन, सीमा अग्रवाल, सरिता नेवटिया, सोनम कोड़िया, अनामिका बंसल, नीतू गर्ग, रजनी मित्तल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

:
