साहू गैस एजेंसी पर जबरन गैस लेने का दबाव बना रहा था दबंग, मारपीट भी की

उत्तर प्रदेश गोंडा
गैस एजेंसी संचालक से मारपीट और हंगामे का आरोप, कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*

Gonda News

गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में गैस एजेंसी संचालक ने शराब के नशे में धुत युवकों पर एजेंसी में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और हंगामा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
नगर क्षेत्र के छेदी पुरवा निवासी जितेंद्र कुमार साहू, जो साहू भारत गैस ग्रामीण वितरक के प्रोपराइटर हैं, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से गैस एजेंसी का संचालन कर रहे हैं। आरोप है कि शुक्रवार की शाम करीब छह बजे गैस वितरण कार्य समाप्त कर एजेंसी बंद की जा रही थी, तभी कलीम नामक युवक वहां पहुंच गया। पीड़ित के अनुसार युवक शराब के नशे में था और तत्काल एक भरा हुआ गैस सिलेंडर देने की मांग करने लगा, जबकि उसके पास कोई वैध कनेक्शन संबंधी दस्तावेज नहीं था।
तहरीर में कहा गया है कि जब नियमों का हवाला देते हुए सिलेंडर देने से मना किया गया तो आरोपी अभद्रता पर उतर आया और गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद वह अपने साथ चार अन्य लोगों को लेकर दोबारा एजेंसी पहुंचा और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने एजेंसी संचालक का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट करने लगे।
पीड़ित का कहना है कि एजेंसी पर तैनात सिपाही आदित्य कुमार और प्रवीण कुमार ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी और उसके साथी पहले भी शराब के नशे में एजेंसी पर हंगामा कर चुके हैं।
पीड़ित ने नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *