आँगनबाड़ी संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम पांडे ने की निदेशक से मुलाकात

उत्तर प्रदेश गोंडा
नव नियुक्त निदेशक से मिला आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा, मानदेय वृद्धि व प्रमोशन पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

State Desk

लखनऊ। प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नव नियुक्त निदेशक हर्षिता माथुर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संयुक्त मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम पांडे और प्रदेश महामंत्री प्रभावती देवी ने बुके भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को निदेशक एवं सचिव स्तर पर हुई 17 सूत्रीय वार्ता का मुद्दा दोबारा सामने रखा। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि वार्ता को लगभग दो माह बीत जाने के बावजूद अधिकांश बिंदुओं पर अभी तक कोई ठोस निर्णय धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
संयुक्त मोर्चा की ओर से मानदेय वृद्धि, प्रमोशन प्रक्रिया, अतिरिक्त कार्यों का बढ़ता बोझ तथा मोबाइल वितरण जैसे मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। इस पर नव नियुक्त निदेशक श्रीमती हर्षिता माथुर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के मानदेय वृद्धि संबंधी प्रकरण पर विभाग स्तर पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रमोशन प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है और मोबाइल वितरण का कार्य निरंतर जारी है।
निदेशक ने यह भी आश्वासन दिया कि विभाग आंगनबाड़ी बहनों की समस्याओं और उनके सम्मान दोनों के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील है। उन्होंने कार्यकर्त्रियों से धैर्य बनाए रखने और विभाग पर विश्वास रखने की अपील की।
बैठक के बाद संयुक्त मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम पांडे ने कहा कि संगठन लगातार आंगनबाड़ी बहनों के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी कार्यकर्त्रियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई निदेशक के कार्यभार संभालने के बाद आईसीडीएस विभाग में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी आएगी।

2 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *