कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से गठित हुई बाल संसद व मीना मंच
बच्चों ने मतदान कर चुने प्रधानमंत्री और मंत्री, बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए बनीं मीना व पावर एंजल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
मनकापुर, गोंडा। विकासखंड मनकापुर के कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा (बक्सरा आज्ञाराम) में सोमवार को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से बाल संसद एवं मीना मंच का गठन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए बाल कैबिनेट के प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री एवं विभिन्न विभागों के मंत्रियों का चुनाव किया। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को लोकतंत्र, मतदान, नेतृत्व, जिम्मेदारी और सामूहिक निर्णय की प्रक्रिया से परिचित कराया गया।
बालिकाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गठित मीना मंच में चांदनी यादव को मीना चुना गया। वहीं अंजू, करिश्मा और रीतिका यादव को पावर एंजल के रूप में चयनित किया गया। मीना मंच के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता विकसित करने के साथ ही विद्यालय में समानता एवं सम्मान का वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।
मीना मंच की कार्यकारिणी में खुशी, सितारा, काजल, सृष्टि, माधुरी, रोशनी बानो, पूजा, विनोद, अजीत, शुभम, वीरेंद्र, प्रमोद, प्रिंस और जिगर सहित अन्य विद्यार्थियों को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।
इसी क्रम में विद्यार्थियों ने मतदान के माध्यम से बाल कैबिनेट का गठन किया। इसमें प्रमोद को प्रधानमंत्री और शुभम को उप प्रधानमंत्री चुना गया। वहीं अंकित मौर्य को शिक्षा मंत्री, विनोद को परिवहन मंत्री, माधुरी को स्वच्छता मंत्री, जिगर यादव को खेल मंत्री, अंजू भारती को अनुशासन मंत्री, पूनम यादव को स्वास्थ्य मंत्री तथा अजीत को खाद्यान्न मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव के बाद विद्यालय परिसर में नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, मंत्रियों एवं अन्य पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। शिक्षकों ने सभी नवचयनित छात्र-छात्राओं को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा विद्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सुगमकर्ता के रूप में शिक्षिका पूनम वर्मा, वरिष्ठ शिक्षक आलोक कुमार, प्रभारी प्रधानाध्यापक बलजीत सिंह कनौजिया, शताब्दी वर्मा, अरुण कुमार सिंह, सुरेश कुमार, चित्रावती, अमर ज्योति, अनुराधा मिश्रा और पूनम यादव उपस्थित रहीं।
प्रभारी प्रधानाध्यापक बलजीत सिंह कनौजिया ने बाल संसद एवं मीना मंच के सदस्यों को उनके कार्यों और दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल कैबिनेट के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन, सहयोग की भावना तथा स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित होगी। साथ ही विद्यार्थी विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।