विद्युत व्यवस्था में लापरवाही पर आयुक्त का सख्त रुख, खराब प्रगति पर कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने की कड़ी चेतावनी दी
ट्रांसफार्मर खराब होने पर एक्सईएन के वेतन से होगी रिकवरी, स्कूलों के ऊपर से बिजली लाइन हटाने के निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा । मण्डलायुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने विद्युत व्यवस्था में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए खराब प्रगति वाली कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी है। गुरुवार को आयुक्त सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने विद्युत विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जनपदों की विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, स्मार्ट मीटर, नए विद्युत संयोजन, स्कूल लाइन शिफ्टिंग तथा विभिन्न विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में हर हाल में बदला जाए तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आरडीएसएस योजना के अंतर्गत अविद्युतीकृत बसावटों के विद्युतीकरण और नए कनेक्शन जारी करने में धीमी प्रगति पर उन्होंने मेसर्स विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्यों में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
मण्डलायुक्त ने मनकापुर, बलरामपुर और गोण्डा के एक्सईएन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर फ्यूज सेट लगाने की खराब स्थिति पर मुख्य अभियंता विद्युत को संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एक्सईएन को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत फ्यूज सेट लगाए जाने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ट्रांसफार्मर खराब होने पर मरम्मत में आने वाले खर्च की रिकवरी संबंधित एक्सईएन के वेतन से की जाएगी।
बैठक में एसएमएम इंफ्राटेक को एक माह के भीतर सभी लंबित विद्युत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं अन्य कार्यदायी संस्थाओं को भी दस दिन के भीतर सभी लंबित कार्य समाप्त करने को कहा गया। मण्डलायुक्त ने कहा कि समयसीमा का पालन न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
झटपट पोर्टल की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। नए विद्युत संयोजन शीघ्र जारी किए जाएं तथा त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों का त्वरित संशोधन सुनिश्चित किया जाए। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में फैली भ्रांतियों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
विद्यालय परिसरों से गुजर रही एचटी और एलटी लाइनों की समीक्षा के दौरान गोण्डा में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मण्डलायुक्त ने सभी एजेंसियों को अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को जल्द बिजली लाइनों से मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय के ऊपर बिजली के तार नहीं लटकने चाहिए।
बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने सरकारी नलकूपों और पेयजल योजनाओं के ऊर्जीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, नए कनेक्शन अभियान चलाकर जारी करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
