गुरु पूर्णिमा पर महर्षि विद्या मंदिर में हुआ गुरु पूजन

उत्तर प्रदेश गोंडा
गुरु पूर्णिमा पर महर्षि विद्या मंदिर में गूंजा गुरु-वंदना का स्वर, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह की एक इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर, गोंडा में महर्षि विश्व शांति आंदोलन के तत्वावधान में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गुरु-पूजन, गुरु-वंदना, सामूहिक ध्यान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुसार ध्यान शिक्षक अमर सिंह यादव एवं ध्यान शिक्षिका पूर्णिमा शुक्ला द्वारा गुरु-पूजन, गुरु-वंदना एवं सामूहिक ध्यान के साथ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि महारानी लाल कुंवरि महाविद्यालय, बलरामपुर के पूर्व प्राचार्य डॉ. ओ.पी. मिश्रा एवं विशेष अतिथि कविता चौधरी ने जगद्गुरु स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती एवं महर्षि महेश योगी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुरेश नारायण द्विवेदी ने मुख्य अतिथि का परिचय कराते हुए गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं प्राची, अन्या, निष्ठा, शुभांगी, शैल्वी, शौर्वी, दिव्या, काव्या, शांभवी मिश्रा, इच्छा सिंह, आयुषी, खुशी, शताक्षी पाण्डेय एवं शगुन चौरसिया सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाषण, नृत्य तथा गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

मुख्य अतिथि डॉ. ओ.पी. मिश्रा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु अपने ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से शिष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान, अनुशासन एवं संस्कारों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन के सही मार्ग के चयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका लतिका पाठक ने मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय वरिष्ठ शिक्षिकाओं नलिनी बाजपेयी, मालिनी श्रीवास्तव एवं लतिका पाठक ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं स्मृति मिश्रा, वंदना सिंह, ज्योति मिश्रा, शालिनी श्रीवास्तव एवं पूजा पाठक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।

अंत में सभी उपस्थितजनों को गुरु प्रसाद वितरित किया गया। मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *