दीवानी कचहरी के बाहर युवक का मोबाइल छीनकर भागी महिला, मुकदमा दर्ज
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज

गोंडा। शहर की दीवानी कचहरी के बाहर एक युवक का मोबाइल फोन छीनकर भागने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में कोतवाली नगर पुलिस ने एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर में दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खिरिया निवासी अभय सिंह पुत्र बीरेश सिंह ने आरोप लगाया है कि वह अपने भाई कुल प्रकाश सिंह के साथ दीवानी कचहरी के गेट संख्या-2 पर पहुंचे थे। इसी दौरान वजीरगंज थाना क्षेत्र के मझारा गांव निवासी अलका सिंह, पत्नी आनंद प्रताप सिंह, वहां पहुंचीं और दोनों भाइयों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगीं।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर महिला ने अभय सिंह का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से चली गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित महिला सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार अपमानजनक टिप्पणियां कर रही है।
घटना के संबंध में कोतवाली नगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।