केंद्रीय विद्यालय रेल परिसर गोंडा में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*
Gonda News
गोण्डा।
केंद्रीय विद्यालय रेल परिसर गोण्डा में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय की मुखिया प्राचार्या डॉ. अपर्णा सक्सेना द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान गूंजा, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत समूह गान, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्राचार्या डॉ. अपर्णा सक्सेना ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है और अनुशासन, ईमानदारी तथा कर्तव्यनिष्ठा से ही राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आयोजित खेल दिवस के विजेता छात्र-छात्राओं को प्राचार्या द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में उत्साह और खेल भावना का संचार हुआ।
कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ किया गया। पूरे आयोजन में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे गणतंत्र दिवस समारोह यादगार बन गया।