महर्षि विद्या मंदिर में बाल दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं की धूम, विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
100 मीटर दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल और गोला फेंक समेत कई प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा, 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर, गोंडा में शनिवार को भव्य क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह, उमंग और खेल भावना का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुसार गुरु-पूजन एवं गुरु-वंदना के साथ हुआ। इसके बाद प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबॉल, रिले रेस, लेमन स्पून रेस, नीडल एंड थ्रेड रेस और क्रिकेट बॉल थ्रो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, वाटिका के नन्हे-मुन्नों के लिए कलेक्ट बॉल प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। सभी आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेलों से शारीरिक और मानसिक क्षमता बढ़ने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति विशेष स्नेह का उल्लेख करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिताओं में अनुभवी, कृति, दिव्या पटेल, अमाया, अभिषेक, तनिष्क, अनमोल, नीलेश, आयुष, जयेश, शैलवी, इच्छा, वैष्णवी, साक्षी, शांभवी, गणेश, रुद्र प्रताप, वैष्णवी दुबे, श्रेया, सीता, गुंजा मिश्रा, मानवी कसौधन, आराध्या, वर्तिका, अर्पिता तिवारी, खुशी मिश्रा, शगुन, आयुषी, दिव्यम, सरस, ऋषभ और अर्णव ओझा समेत कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में आयुष पांडे, राज तिवारी और अमन पांडे ने बाजी मारी। वहीं, वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में वशिष्ठ हाउस एवं नारायण हाउस विजयी रहे।
क्रीड़ा प्रतियोगिता का संचालन एवं संयोजन खेल शिक्षक शैलेंद्र कुमार और सीसीए प्रभारी पूजा पाठक के नेतृत्व में किया गया। आयोजन की सफलता में विवेक कुमार पांडे, शिवम श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का योगदान रहा।
अंत में प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। हर्षोल्लास और उत्साह के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।
.
.
.
.
.
.
.
.

.
.
.
.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996