15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो अनशन की चेतावनी
आप जिलाध्यक्ष अज्जू पंडित ने डीएम प्रियंका निरंजन को सौंपा ज्ञापन, डिहिवा-बनकटी में सड़क व विद्युत समस्याओं के समाधान की मांग
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र उर्फ अज्जू पंडित ने सोमवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से मुलाकात कर कटरा विधानसभा क्षेत्र के चिलबिला खत्तीपुर के ग्राम डिहिवा और बनकटी में जर्जर संपर्क मार्गों के निर्माण तथा विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से इन मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन पूर्व में दिए गए ज्ञापनों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में बताया गया कि पार्टी के ‘हर गांव, हर वार्ड—चौपाल’ अभियान के दौरान ग्रामीणों से संवाद में सड़क और बिजली की समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। बरसात में कई कच्चे और जर्जर मार्ग दलदल में तब्दील हो जाते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी होती है।
अज्जू पंडित ने डिहिवा में विनोद यादव की दुकान से गोंगई प्रजापति के घर तक करीब 100 मीटर मार्ग, गोंडा-बहराइच हाईवे से गंगाधाम रेलवे स्टेशन मार्ग होते हुए तीरथराज तिवारी के घर तक करीब 100 से 150 मीटर मार्ग, तीरथराज तिवारी के घर से पूर्व दिशा में पुलिया तक कच्चे मार्ग, प्राथमिक विद्यालय डिहिवा से विनोद यादव की दुकान तक तथा तीरथराज तिवारी के घर से काली माता स्थान तक करीब 50 मीटर मार्ग का निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने गंगाधाम रेलवे स्टेशन के आसपास करीब सात-आठ घरों में कम वोल्टेज की समस्या का भी उल्लेख किया। बताया कि इन घरों को दूर स्थित ट्रांसफार्मर से बिजली दी जा रही है। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा आवश्यक पोल और लाइन की व्यवस्था कराने की मांग की। वहीं गोंडा-बहराइच मार्ग के किनारे विद्युत पोल होने के बावजूद कुछ घरों में ट्रांसफार्मर और कनेक्शन की समस्या दूर करने तथा मीटर लगने के बाद आपूर्ति न मिलने और बकाया दर्शाए जाने के मामलों की जांच की मांग की।
ज्ञापन में बनकटी के काली माता मंदिर से अनोखी लाल के घर तक संपर्क मार्ग बनवाने की मांग भी की गई। साथ ही ग्राम पंचायत में पिछले वर्षों में कराए गए सड़क और अन्य विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया गया।f जांच में स्वीकृत धनराशि, खर्च, योजना और मौके पर कार्य की स्थिति की पड़ताल कराने की मांग की गई।
आप जिलाध्यक्ष ने पूर्व में मुख्य विकास अधिकारी और जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई की लिखित जानकारी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिन के भीतर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अनशन/भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।
